logo

भारत-पाकिस्तान मैच रद्द : WCL 2025 में शिखर धवन और रैना ने खेलने से किया इनकार, आयोजकों ने मांगी माफी

WCL02310.jpg

हैदराबाद
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL 2025) में भारत और पाकिस्तान के बीच आज (20 जुलाई) को होने वाला बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब नहीं खेला जा रहा है। यह फैसला उस समय लिया गया जब टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी शिखर धवन और सुरेश रैना समेत कई दिग्गज खिलाड़ियों ने इस मैच से खुद को अलग कर लिया। उन्होंने इसके पीछे अप्रैल में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को कारण बताया।
पूर्व ओपनर शिखर धवन ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा, “11 मई को जो निर्णय लिया था, उस पर आज भी अडिग हूं। मेरे लिए देश सर्वोपरि है। जय हिंद!” उन्होंने आयोजकों को भेजा गया ईमेल भी साझा किया, जिसमें उन्होंने साफ लिखा कि मौजूदा हालातों को देखते हुए पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में नहीं उतरने का फैसला पहले ही ले लिया गया था।


मैच रद्द करने पर आयोजकों ने जताया खेद
WCL के आयोजकों ने भारत-पाक मुकाबले को रद्द करने की घोषणा करते हुए फैंस से माफी मांगी। उन्होंने स्वीकार किया कि इस फैसले से कई लोगों की भावनाएं आहत हुई होंगी और भारतीय खिलाड़ियों को भी असुविधा हुई। आयोजकों ने लिखा, “हमारे इरादे खेल को जोड़ने के थे, लेकिन इससे भावनाओं को ठेस पहुंची। हमने अपने भारतीय लीजेंड्स को अनजाने में असहज कर दिया और ब्रांड्स को भी प्रभावित किया, जो केवल खेल के प्रति प्रेम से जुड़े थे। इसी कारण मैच को रद्द किया गया है।”
18 जून से शुरू हुआ था टूर्नामेंट
WCL का दूसरा संस्करण 18 जून को एजबेस्टन में शुरू हुआ था, जिसका फाइनल 2 अगस्त को खेला जाएगा। भारत चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच यह चौथा लीग मैच एजबेस्टन में खेला जाना था। भारत की टीम की अगुवाई युवराज सिंह कर रहे हैं, जबकि हरभजन सिंह, इरफ़ान पठान, सुरेश रैना, रॉबिन उथप्पा और वरुण आरोन जैसे नाम भी टीम में शामिल हैं।


प्रायोजक कंपनी ने भी जताई असहमति
टूर्नामेंट के प्रमुख प्रायोजक ईजमाईट्रिप ने भी पाकिस्तान से जुड़े किसी भी मुकाबले से दूरी बना ली है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि वह इस मैच का हिस्सा नहीं बनेगी, चाहे उनका WCL के साथ 5 वर्षों का करार ही क्यों न हो।
इंडिया चैंपियंस का आगामी शेड्यूल:
•    22 जुलाई: बनाम साउथ अफ्रीका चैंपियंस, नॉर्थम्पटन
•    26 जुलाई: बनाम ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस, हेडिंग्ले, लीड्स
•    27 जुलाई: बनाम इंग्लैंड चैंपियंस, हेडिंग्ले, लीड्स
•    29 जुलाई: बनाम वेस्टइंडीज चैंपियंस, लीसेस्टरशायर

Tags - Nationa। News Nationa। News Update Nationa। News।ive Country News Breaking News।atest